
देपालपुर में मानवता का महापर्व: विशाल रक्तदान शिविर में महिलाओं और युवाओं की सहभागिता से 59 यूनिट रक्त संग्रहित
जिला न्यायाधीश की ग़ज़ल ने रक्तदाताओं का बढ़ाया मान
🛑इंट्रो🛑
देपालपुर में विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर मानवता, सेवा और सामाजिक सरोकार का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां देपालपुर सर्विस हेल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान की प्रेरणादायी उपस्थिति और उनकी भावपूर्ण ग़ज़ल ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। शिविर में 59 यूनिट रक्त संग्रहित कर रक्तदाताओं ने यह साबित कर दिया कि मानव जीवन बचाने से बड़ा कोई धर्म और रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं है।
देपालपुर(दैनिक जय संगवारी )विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर सेवा, संवेदना और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए देपालपुर सर्विस हेल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान-महादान शिविर ने मानवता के प्रति समाज की जागरूकता और समर्पण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। एम.वाय. हॉस्पिटल इंदौर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में युवाओं, महिलाओं, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। शिविर में कुल 59 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने अपने प्रेरणादायी एवं भावपूर्ण उद्बोधन में कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति की धड़कनों को जीवन देने का संकल्प है। यह वह अमूल्य उपहार है जो किसी परिवार को टूटने से बचा सकता है, किसी माँ की आँखों में उम्मीद लौटा सकता है और किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है।
उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। रक्तदाताओं को फरिश्ता और जीवनदाता बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज के सच्चे नायक हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के मानव जीवन की रक्षा के लिए आगे आते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह भावपूर्ण क्षण रहा जब जिला न्यायाधीश श्री खान ने रक्तदान की प्रेरणा एवं रक्तदाताओं के सम्मान में अपनी मार्मिक ग़ज़ल प्रस्तुत की। ग़ज़ल के असरदार अशआरों ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को सेवा, करुणा एवं भाईचारे की भावना से ओतप्रोत कर दिया।
इस अवसर पर देपालपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अंतरसिंह मौर्य, उपाध्यक्ष दिलीप डाबी, अधिवक्ता राजीव पटेल,सहायक लोक अभियोजन अधिकारी विशाल गुप्ता, एडीपीओ अंतर सिंह डाबर, नायब नाजिर दिलीप यादव एवं स्वास्थ्य विभाग के फारूख खान की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा मानवीय दायित्व बताया।

शिविर का संचालन स्टेट ऑफ आर्ट मॉडल ब्लड बैंक, महाराजा यशवंतराय चिकित्सालय (एम.वाय. हॉस्पिटल) इंदौर की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। डॉ. सुशांत कुमार एवं उनकी टीम ने रक्तदान की समस्त प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया। चिकित्सकीय दल ने रक्तदाताओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।
शिविर की सबसे प्रेरणादायक उपलब्धि महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने रक्तदान कर यह संदेश दिया कि समाज निर्माण और मानव सेवा के हर अभियान में महिलाएं समान रूप से अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। वहीं अनेक युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

देपालपुर सर्विस हेल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष मोइनुद्दीन कुरैशी, कोषाध्यक्ष रिजवान मंसूरी, प्रचार सचिव इस्लाम मंसूरी सहित संस्था के सदस्य वासिफ शेख, जुबेर शेख, सदाब पठान, शाहरुख शेख, अमजद मंसूरी, शहबाज पठान, मोइनुद्दीन फारूकी, वसीम खान, समीर सिसगर, मकसूद पठान, मोहम्मद आरिफ, फिरोज खान, जुबेर खान, एवं महेश गोस्वामीजी सहित अन्य महानुभावों व कार्यकर्ताओं ने शिविर की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों और जनजागरण अभियान के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में रक्तदाता शिविर से जुड़े।
शिविर के समापन अवसर पर सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। फाउंडेशन ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और समाजोपयोगी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
यह आयोजन एक बार फिर यह संदेश देने में सफल रहा कि जब समाज मानवता के लिए एकजुट होता है, तब रक्त की हर बूंद किसी अनजान जीवन में उम्मीद की नई रोशनी बनकर उतरती है।