77 फीट ऊँचे ध्वजस्तंभ पर लहराया तिरंगा, सुभाष स्टेडियम में गूंजा गणतंत्र का उल्लास

सोहागपुर क्षेत्र में गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता और नवाचार के साथ संपन्न
धनपुरी |77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे कोयलांचल क्षेत्र में देशभक्ति की भावनाओं का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सोहागपुर क्षेत्र का शायद ही कोई उपक्षेत्र ऐसा रहा हो, जहाँ तिरंगा न फहराया गया हो और गणतंत्र दिवस का आयोजन न हुआ हो। इस वर्ष समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण सोहागपुर क्षेत्रीय वर्कशॉप रहा, जहाँ 77 फीट ऊँचे विशेष ध्वजस्तंभ पर तिरंगा फहराकर गणतंत्र के 77वें वर्ष को ऐतिहासिक रूप से चिह्नित किया गया।
सोहागपुर क्षेत्रीय वर्कशॉप अपने नवाचार और सीमित संसाधनों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पहले से ही चर्चित रही है। वर्कशॉप के प्रभारी डॉ. एम.ए.एम. सिद्दीकी एवं इंजीनियर अजय द्विवेदी के नेतृत्व में कामगारों ने कार्यशाला में उपलब्ध संसाधनों से मात्र एक सप्ताह में 77 फीट लंबा ध्वजस्तंभ तैयार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस ध्वजस्तंभ पर सोहागपुर के महाप्रबंधक बी.के. जेना ने मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराया।
कार्यक्रम के अवसर पर वर्कशॉप परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महाप्रबंधक के आगमन पर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। ध्वजारोहण से पूर्व उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा ध्वजारोहण स्थल का लोकार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के संदेश का वाचन डॉ. सिद्दीकी द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का सशक्त संचालन इंजीनियर अजय द्विवेदी ने किया।
कार्यक्रम में श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कर्मचारियों की उपस्थिति रही। महाप्रबंधक बी.के. जेना ने अपने संबोधन में वर्कशॉप टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय में इस प्रकार का भव्य ध्वजारोहण स्थल तैयार करना कार्यशाला की एकजुटता, जुझारूपन और सकारात्मक ऊर्जा को दर्शाता है।
सुभाष स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुभाष स्टेडियम में भी भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्टेडियम को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। महाप्रबंधक बी.के. जेना एवं महाप्रबंधक संचालन मनीष श्रीवास्तव के आगमन पर केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने बैंड के साथ उनका स्वागत किया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण एवं सीआईएसएफ, एसआईएसएफ तथा विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सलामी दी गई।
रंग-बिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक कबूतर आकाश में छोड़कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं सामूहिक नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि बी.के. जेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे अधिकारों के संरक्षण और कर्तव्यों के स्मरण का पर्व है। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कर्मठ कर्मचारियों और जांबाज़ रेस्क्यू टीम का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न इकाइयों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सोहागपुर रेस्क्यू टीम को ब्रैवरी अवार्ड से सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाल की दुर्घटना में सराहनीय भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *