घोषणाओं से नहीं, ज़मीनी बदलाव से बनेगा भरोसा , संकल्प बजट पर सवाल : रूपेश नागवंशी

भाटापारा| छत्तीसगढ़ के संकल्प बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के प्रदेश मीडिया सचिव रूपेश नागवंशी ने कहा कि बजट में कई आकर्षक घोषणाएँ की गई हैं, लेकिन समाज, ग्रामीण क्षेत्रों और आम जनता की मूल समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदमों की कमी दिखाई देती है।
उन्होंने कहा, सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बजट केवल कागज़ी प्रावधान न बनकर वास्तविक परिवर्तन का माध्यम बने। रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने तथा स्थानीय विकास को गति देने के लिए स्पष्ट और समयबद्ध योजना जरूरी है।
रूपेश नागवंशी ने कहा कि लोकलुभावन घोषणाओं के बजाय दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती, क्षेत्रीय संतुलन और पारदर्शी क्रियान्वयन पर ध्यान देना समय की मांग है। उन्होंने सरकार से सभी समुदायों के साथ संवाद कर बजट प्रावधानों की समीक्षा करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सर्व समाज जनहित और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा और प्रदेश के समावेशी विकास के लिए सकारात्मक पहल की अपेक्षा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *