नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने अधिकारियों को दिए प्रभावी दिशा-निर्देश

बैंक, नगर परिषद एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

देपालपुर (इंदौर) – दिनांक 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को अधिक प्रभावी, जनहितकारी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से सिविल न्यायालय परिसर देपालपुर में तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश माननीय हिदायत उल्ला खान के मार्गदर्शन में बैंक , नगर परिषद तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित प्री-लिटिगेशन एवं न्यायालयीन प्रकरणों के अधिक से अधिक निराकरण पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने कहा कि नेशनल लोक अदालत केवल प्रकरणों के निराकरण का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी समझौते, सौहार्द और त्वरित न्याय की एक पावन व्यवस्था है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, समन्वय एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हुए अधिकाधिक प्रकरणों को लोक अदालत के माध्यम से निराकृत कराने का प्रयास करें।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने विशेष रूप से बैंक अधिकारियों एवं नगर परिषद अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेशनल लोक अदालत के लिए जो नियमानुसार निर्धारित छूट, रियायत एवं ब्याज में राहत प्रदान की जा रही है, उसका पात्र पक्षकारों को पूर्ण लाभ दिया जाए, ताकि आम नागरिक आर्थिक एवं मानसिक बोझ से राहत प्राप्त कर सकें।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिसों की तामीली पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से सुनिश्चित की जाए तथा पक्षकारों को समय पर सूचना देकर उन्हें नेशनल लोक अदालत के लाभों से अवगत कराया जाए, जिससे समुचित सूचना और संवाद के माध्यम से अधिकाधिक पक्षकार नेशनल लोक अदालत से जुड़कर राजीनामा योग्य प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण निराकरण करा सकें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि विभागीय अधिकारी प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की सूची का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता से चिन्हित करें तथा पक्षकारों से संवाद स्थापित कर उन्हें नेशनल लोक अदालत में उपस्थित होने हेतु प्रेरित करें।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि नेशनल लोक अदालत न्यायपालिका,प्रशासन और अधिवक्तागण के संयुक्त प्रयासों का ऐसा मंच है, जहां बिना अनावश्यक विलंब के सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय प्राप्त होता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयास करते हुए नेशनल लोक अदालत को जनहित का महाअभियान बनाने का आह्वान किया।
बैठक में तहसीलदार संगीता गोलिया, दीपक पाटीदार,विनय कुमार, ओंकार सिंह, रंजन प्रकाश, अनिल राठौर, दीपक लक्षकार,के.बी.यादव, जितेंद्र पंकज , ज्ञानेश्वर जोशी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, नगर परिषद एवं राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *