सड़क के बीच धंसी नाली बनी हादसों का न्योता, इंदिरा कॉलोनी मार्ग पर लोगों की बढ़ी परेशानी

अर्जुनी। ग्राम पंचायत अर्जुनी में मुख्य मार्ग स्थित तेज बुक डिपो से इंदिरा कॉलोनी वार्ड क्रमांक 6 की ओर जाने वाले रास्ते पर क्षतिग्रस्त नाली स्थानीय नागरिकों और राहगीरों के लिए गंभीर समस्या का कारण बन गई है। किराना दुकान और चिकन सेंटर के सामने सड़क के बीचों-बीच निर्मित नाली का चेंबर टूटकर धंस गया है, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया है। नाली की सरिया भी बाहर निकल आई है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
यह मार्ग वार्ड के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, विद्यार्थी, महिलाएं, बुजुर्ग एवं दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं। नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है, इसके बावजूद कई राहगीर असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। रात के समय तथा बारिश के मौसम में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी राकेश ध्रुव तथा स्थानीय व्यवसायी विक्की वर्मा और भूपेंद्र साहू ने बताया कि क्षतिग्रस्त नाली के कारण लंबे समय से क्षेत्रवासी परेशान हैं। उनका कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग की उदासीनता के चलते समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार नाली की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कई दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर यहां गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन अब तक न तो मरम्मत कार्य शुरू किया गया है और न ही सुरक्षा के लिए किसी प्रकार की चेतावनी पट्टिका या बैरिकेडिंग लगाई गई है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग से होकर क्षेत्र के श्रद्धा केंद्र गायत्री मंदिर और शिव मंदिर तक पहुंचा जाता है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क के बीच धंसी और क्षतिग्रस्त नाली न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न कर रही है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *