
अर्जुनी/बलौदाबाजार(दैनिक जय संगवारी )विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम रवान स्थित अडानी सीमेंट संयंत्र से जुड़े खैरताल रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। वर्षों से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से त्रस्त ग्रामीणों का आक्रोश उस समय और बढ़ गया, जब सोमवार सुबह एक अंतिम यात्रा भी जाम में फंस गई और परिजनों को अर्थी कंधे पर लेकर लंबे समय तक रेलवे फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 10 बजे खैरताल रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे गेट बंद होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी दौरान एक मृतक की अंतिम यात्रा भी वहां पहुंची, लेकिन फाटक नहीं खुलने से परिजनों और ग्रामीणों को काफी देर तक सड़क पर ही रुकना पड़ा। इस घटना ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया और लोगों में व्यवस्था के प्रति नाराजगी खुलकर सामने आई।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे फाटक पर अक्सर अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। कई बार ट्रेन गुजर जाने के बाद भी लंबे समय तक गेट बंद रखा जाता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। लोगों का कहना है कि गेट खुलने में देरी होने के कारण दूसरी ट्रेन के आने का समय हो जाता है और जाम की स्थिति और भी विकराल रूप धारण कर लेती है। परिणामस्वरूप छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे रहते हैं और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार खैरताल मोड़ से भद्रापाली मार्ग तथा मल्दी-मोपर क्षेत्र तक पूरे दिन यातायात प्रभावित रहता है। स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि खैरताल रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संयंत्र प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस गंभीर समस्या को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, जबकि क्षेत्र में बढ़ते औद्योगिक और यातायात दबाव को देखते हुए स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शासन, जिला प्रशासन तथा रेलवे विभाग से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए तथा फाटक संचालन व्यवस्था में सुधार कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। लोगों का मानना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और अधिक गंभीर रूप धारण कर सकती है।