भाजपा मंडल बलौदाबाजार ग्रामीण की मासिक बैठक संपन्न, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुआ मंथन

सेमराडीह में संगठनात्मक मजबूती, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और विकास यात्रा पर हुई विस्तृत चर्चा, स्व. महेतरू राम साहू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

बलौदाबाजार। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार भाजपा मंडल बलौदाबाजार ग्रामीण की मासिक बैठक ग्राम सेमराडीह में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों तथा देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय महेतरू राम साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित ‘मोदी जी के 12 साल बेमिसाल’ अभियान के प्रभारी एवं भाजपा जिला मंत्री शिव कटरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने भाजपा और पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों का तुलनात्मक उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण और भारत को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका की सराहना की।
शिव कटरिया ने पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा के प्रति बढ़ते जनसमर्थन और जनता के विश्वास का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचार और संगठन आधारित परिवार है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य करता है।
बैठक को भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता वर्मा, मंडल अध्यक्ष रविशंकर वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष डोमन लाल वर्मा तथा जिला सोशल मीडिया प्रभारी दिनेश साहू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री विष्णु साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बूथ अध्यक्ष चेतन वर्मा ने व्यक्त किया।
स्व. महेतरू राम साहू को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहन साहू के दादा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय महेतरू राम साहू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, महिला मोर्चा की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती, जनसेवा और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *