सुशासन तिहार में सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ -स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल

300 से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित

जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल गुडेलिया एवं दावनबोड शिविर में हुए शामिल

बलौदाबाजार (दैनिक जयसँगवारी)

सुशासन तिहार अंतर्गत सोमवार को जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विकासखंड भाटपारा के ग्राम पंचायत गुडेलिया एवं सिमगा के ग्राम पंचायत दावनबोड शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लगभग 305 हितग्राहियों को विभिन्न योजनओ के तहत सामग्री,चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। गुडेलिया शिविर में ग्राम गुडेलिया, टेहका एवं बोडतरा में नवीन उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र मोपका में नवीन भवन के लिये प्रास्तव तैयार करने के निर्देश दिये।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि सुशासन तिहार में लगभग डेढ़ माह से मुख्यमंत्री स्वयं जिलों का दौरा कर लोगों के बीच पहुंच रहे है और उनका हाल -चाल जानने के साथ योजनाओं की पहुंच और समस्या की सुध ले रहे है। सुशासन तिहार में सीधे हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। लोगों के कोई काम जो किसी कारणवश नहीं हो पा रहे वह शिविर में पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार भरी गर्मी में हो रही है लेकिन फिर भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे है। यह गांव के दोपहरी में लगने वाले चौपाल का एहसास कराता है। आप लोगों की समस्या और बात को सुनने शासन और प्रशासन दोनों मौजूद है। एक छत के नीचे पूरे विभाग के अमले उपस्थित है। इस शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है।

जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि बलौदाबाजार -भाटापारा जिले में राजस्व प्रकरणों का बहुत अच्छा निराकरण हुआ है। मात्र 1 प्रतिशत आवेदन ही लंबित है। इसीतरह डिजिटल किसान किताब वितरण में भी अव्वल है।लगभग 7.50लाख डिजिटल किसान किताब का वितरण किया गया है।प्रधानमंत्री आवास योजना में भी टॉप पर है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिये खाद एवं बीज का सहकारी समितियो में पर्याप्त भण्डारण किया जा रहा है जहाँ आवश्यकता अनुसार उपलब्ध हो रहा है। इसके साथ ही वैकल्पिक रूप से नैनो यूरिया,एसएसपी,पोटाश का भी उपयोग करें। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत छूटे हुए हितग्राहियों के लिये सर्वे हो गया है। इसीतरह महतारी वंदन योजना के छूटे हुए हितग्राहियों के लिये पोर्टल जल्द खुलेगा।उन्होंने पंचायतों में आवश्यकता अनुसार 5 लाख से अधिक के कार्य स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्यवाही हेतु अधिकारियो को निर्देशित किया।

पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार में सबकी बात सुनी जा रही है। सुशासन तिहार लोगों को शासन -प्रशासन तक़ अपनी बात पहुंचाने का माध्यम है। यहां स्टॉल में सभी विभाग के अधिकारी बैठे है, उनके पास जाकर योजनाओं की जानकारी ले और उसका फायदा उठायें।

दोनों शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा केसीसी ऋण का चेक,सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले कक्षा 10 एवं 12 वीं के छात्रों को सम्मानपत्र, स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रवण यन्त्र, श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, पीएम आवास की चाबी नैनो यूरिया, राशन कार्ड, लखपति दीदी एवं हम होंगे कामयाब के युवाओं को प्रशस्ति पत्र,फलदार पौधे सहित अन्य समग्री लगभग 305 हितग्राहियों को वितरित किया गया।

तालाब की मेड पर पौधा रोपण– ग्राम पंचायत गुडेलिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने तालाब की मेड पर गुलमोहर का पौधा लगाया। इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने करंज एवं कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आम के पौधे लगाए।

इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा,नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, जनपद अध्यक्ष सविता अनंत,डॉ दौलत राम पाल,जिला अध्यक्ष आनंद यादव, जिला पंचायत सदस्य दीप्ति गोविन्द वर्मा,शशि आनंद बंजारे, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा,डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *