सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में औचक निरीक्षण

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर,

व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

बलौदाबाजार(दैनिक जय संगवारी )आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश कुमार अवस्थी ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ. अवस्थी ने अस्पताल के ओपीडी, आईपीडी, टीकाकरण कक्ष, प्रयोगशाला, ऑपरेशन थिएटर, स्टोर रूम, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) तथा प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों एवं सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं के प्रत्येक पहलू का अवलोकन करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में फील्ड क्षेत्र के लिए आरक्षित दवाओं का भंडारण पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक औषधियों को तत्काल संबंधित क्षेत्रों में भेजा जाए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता तभी संभव है, जब संसाधनों का समुचित एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से डॉ. अवस्थी ने अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अस्पताल परिसर की स्वच्छता एवं पर्यावरणीय व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ ने ड्रेनेज व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परिसर में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह संक्रमण एवं संक्रामक बीमारियों के प्रसार का कारण बन सकती है। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण को मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
वार्डों में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। डॉ. अवस्थी ने निर्देश दिए कि भोजन में पोषणयुक्त एवं संतुलित आहार सामग्री को शामिल किया जाए, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी हो सके। उन्होंने कहा कि उपचार के साथ-साथ पौष्टिक आहार भी रोगमुक्ति का महत्वपूर्ण आधार है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में रखे अनुपयोगी एवं खराब उपकरणों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। सीएमएचओ ने ऐसे उपकरणों की तकनीकी जांच के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति द्वारा उपकरणों की उपयोगिता एवं वर्तमान स्थिति का परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें कंडम घोषित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में केवल कार्यशील एवं उपयोगी उपकरण ही मरीजों की सेवा में प्रयुक्त होने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के इस सक्रिय एवं संवेदनशील प्रयास से क्षेत्रवासियों को भविष्य में और अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित तथा भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *