
डॉ. अशोक कुमार वर्मा को अपने देहदान हेतु संबंधित प्रक्रिया पूर्ण करते प्राचार्य श्री रमेश शर्मा

मरणोपरांत देहदान की महान मिसाल: अर्जुनी के प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज रायपुर को समर्पित किया शरीर, समाज को दिया मानवता का संदेश

बलौदाबाजार (जयसंगवारी.कॉम)
बलौदा बाजार – भाटापारा जिले के अर्जुनी क्षेत्र के लिए एक अत्यंत प्रेरणादायक और मानवीय प्रेरणा सामने आई है, जिसने समाज में सेवा और त्याग की एक नई मिसाल प्रस्तुत की है। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अर्जुनी के प्राचार्य रमेश कुमार शर्मा द्वारा मरणोपरांत अपना शरीर मेडिकल शिक्षा और मानव सेवा के लिए समर्पित करते हुए रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल को देहदान किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह देहदान प्रक्रिया की प्रेरणा प्राचार्य शर्मा को पूर्व राज्य सभा सांसद स्व. श्री गोपाल व्यास से प्रेरित होकर मिला सम्बंधित देहदान की प्रकिया जिला अस्पताल बलौदाबाजार में विधिवत रूप से पूर्ण की गई, जहां जिला अस्पताल बलौदाबाजार के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्री अशोक कुमार वर्मा की उपस्थिति में शरीर को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रायपुर के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों ने इसे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक कदम बताया।
देहदान को चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे भावी चिकित्सकों के लिए मानव शरीर की संरचना और उपचार पद्धतियों को समझने में देहदान का विशेष महत्व होता है। ऐसे महान निर्णय से चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा और समाज को सेवा की प्रेरणा मिलती है।
अर्जुनी क्षेत्र के शिक्षण जगत में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले प्राचार्य शर्मा के इस निर्णय को स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठनों ने अत्यंत सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया। लोगों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देने के बाद मानवता के लिए यह अंतिम योगदान आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि देहदान केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं बल्कि समाज के लिए एक महान संदेश है कि मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा संभव है। इस तरह के कार्य समाज में जागरूकता बढ़ाते हैं और लोगों को जीवन के अंतिम क्षणों के बाद भी समाज के लिए योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।