शोभा टाह फाउंडेशन द्वारा सामूहिक कन्यादान महायज्ञ में 11 कन्याओं का पावन विवाह संपन्न

प्रयागराज के पूज्य स्वामी बृजेशानंद महाराज और गोदड़ी धाम महंत अम्मा मीरा देवी के पावन सानिध्य में सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश

अक्षय तृतीया विशेष पर जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान की ग़ज़ल ने समारोह को दी अनूठी ऊर्जा

बिलासपुर – भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं, मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए शोभा टाह फाउंडेशन के संस्थापक अनिल टाह के नेतृत्व में सामूहिक कन्यादान महायज्ञ का अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर प्रयागराज के पूज्य स्वामी बृजेशानंद महाराज, गोदड़ी धाम महंत अम्मा मीरा देवी के पावन सानिध्य एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, महापौर पूजा विधानी,जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान सहित प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवियों की उपस्थिति में 11 कन्याओं का वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ विवाह संस्कार सम्पन्न कराया जाकर मंगलसूत्र व नगद उपहार सहित गृहस्थी का पूरा घरेलू सामान पलंग, अलमारी, टीवी, कूलर, रसोई बर्तन भेंट किए गए, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया तथा समाज के समक्ष सेवा, समर्पण एवं समानता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम स्थल मध्य नगरी चौक स्थित अग्रसेन भवन में आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा एवं उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक सज्जा, वैदिक अनुष्ठान, मंगल गीत एवं धार्मिक वातावरण ने पूरे आयोजन को दिव्यता से परिपूर्ण कर दिया।
प्रयागराज से पधारे परम पूज्य स्वामी बृजेश्वानंद महाराज ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि कन्यादान भारतीय संस्कृति में सर्वोच्च दान है, जो केवल एक संस्कार नहीं, बल्कि समाज के प्रति दायित्व और आत्मिक उन्नति का माध्यम है। ऐसे सामूहिक आयोजन समाज में समता, सहयोग और सद्भाव का वातावरण निर्मित करते हैं।
इस अवसर पर गोदड़ीवाला धाम से पधारी महंत अम्मा मीरा देवी ने अपने करुणामयी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि बेटी ईश्वर का अनुपम वरदान होती है। कन्यादान केवल एक रस्म नहीं, बल्कि यह त्याग, प्रेम और आशीर्वाद का सर्वोच्च प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं और हमें सेवा एवं करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में श्रद्धेय हितेश्वर महाराज जी बनारस धाम ने वैवाहिक जोड़ों को वर्चुअली संबोधित कर अपना शुभ आशीष प्रदान किये।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा जनकल्याण के वास्तविक स्वरूप को दर्शाते हैं।


कार्यक्रम में इंदौर मध्य प्रदेश से विशेष रूप से उपस्थित जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने अपने उद्बोधन में कहा कि बेटियां ईश्वर का वरदान होती है । जब किसी निर्धन परिवार की बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न होता है, तो यह सामाजिक न्याय की वास्तविक स्थापना का प्रतीक बनता है।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि ऐसे आयोजन हमें यह संदेश देते हैं कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब हम सब मिलकर कमजोर वर्ग के उत्थान हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। न्यायपालिका का उद्देश्य भी यही है कि समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर एवं सम्मान मिले, और ऐसे सामाजिक प्रयास इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने समाज सेवा और न्याय को एक ही धारा के दो प्रवाह बताते हुए अपनी स्वरचित ग़ज़ल –
जो बेटी को अमानत है समझता
वही जग में भलाई कर रहा है,
ये कन्यादान पावन यज्ञ देखो, सभी की रहनुमाई कर रहा है,
की मार्मिक प्रस्तुति से आयोजन में अनूठी ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम के आयोजक एवं संस्था के संस्थापक अनिल टाह ने अपने भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि हमारा उद्देश्य केवल एक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। हर बेटी को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है, और यदि शोभा टाह फाउंडेशन के इस छोटे-से प्रयास से किसी परिवार के चेहरे पर मुस्कान आती है, तो यही हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कार्यक्रम के सभी सहयोगी साथियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को विधायक धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी, सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे, उद्योगपति प्रवीण झा,चरण सिंह गंभीर एवं अशोक गोयल सहित अन्य प्रबुद्ध जनों ने भी संबोधित करते हुए कहा कि
बेटियों का सम्मान और सुरक्षा किसी भी समाज की प्रगति का आधार है। सामूहिक कन्यादान जैसे आयोजन समाज को संवेदनशील और समरस बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में समाज सेवा पर्यावरण एवं धर्म आध्यात्मिक विशिष्ट योगदान के लिए लता सौमित्र गुप्ता रेखा मदन मोहन गुल्ला,निर्मल अग्रवाल,स्मृति जैन वैष्णव, श्री राम यादव एवं शिव सारथी को छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान से सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद सुनील सोनकर, नगर पालिका धनपुरी जिला शहडोल मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पार्षद बालकरण विश्वकर्मा,कार्तिकेय गोयल, अनुभा टाह गोयल ,डॉ शरद ग्रेवाल, डॉ संजय साहू, निकेश सिंह निक्की, साहिल अमीन खान,आर एन राजपूत, शीतल, मंजू,मुकेश, कमलेश और बागेश्वर धाम शिष्य सेवा मंडल सदस्यों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन भुवन वर्मा ने किया।
समापन अवसर पर संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक एकता की भावना से परिपूर्ण रहा। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, समानता एवं मानवीय मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति बनकर समाज में एक अमिट छाप छोड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *